भाजपा नेता टीपी सिंह के अपहरण का मुकदमा पुलिस ने दर्ज तो कर लिया, लेकिन अगले ही दिन इसे एक्सपंज (खारिज) करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि अपहरण का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
सिकंदरा थाना पुलिस ने उनके मोबाइल का कॉल डिटेल रिकार्ड भी निकलवा लिया है। यह भी मालूम किया जा रहा है कि तहरीर में दिए गए समय के दौरान उनके मोबाइल की लोकेशन क्या रही? मालूम किया जा रहा है कि वे कीठम तक किस रास्ते से होकर पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी किसी से बात हुई या नहीं।
उन्होंने बताया था कि 15 फरवरी को आगरा-फीरोजाबाद सीट पर एमएलसी का नामांकन करने जाते समय उनके शास्त्रीपुरम स्थित आवास के पास केनरा बैंक की शाखा के सामने उनका अपहरण कर लिया गया था। उन्हें तीन गाड़ियों में आए बदमाश उठाकर ले गए थे।
पुलिस ने सबसे पहले केनरा बैंक पर लगे सीसीटीवी की फुटेज निकलवाई। पुलिस का दावा है कि इसमें घटनाक्रम नजर नहीं आ रहा। यहां पास में बन रही इमारत में काम कर रहे मजदूरों ने भी यही बयान दिया है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई।
पुलिस सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि उनके परिवारीजनों का बयान भी तहरीर से मेल नहीं खा रहा है। टीपी सिंह ने बताया था कि बदमाश उन्हें चार बजे कीठम में फेंक गए थे। पुलिस उस जगह के आस पास के लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है। एसपी सिटी सुशील घुले का कहना है कि अभी तक ऐसा एक भी साक्ष्य नहीं मिला है जिससे अपहरण की पुष्टि होती हो। हालांकि जांच अभी जारी है।