जलेसर, एटा की बडे़ मियां की दरगाह के निकट बिरयानी खा रहे बाइक सवार दो युवकों का मोबाइल चोरी होने पर उन्होंने एक मासूम का पकड़ लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने बेरहम होते हुए बाइक के साइलेंसर से मासूम के हाथ जला दिए। जब मासूम जलन के मारे चीखने लगा तो मोहल्ले के युवकों ने दौड़कर दोनो बाइक सवारों को पकड़ा और जमकर मजामत कर दी। मामले में मासूम के परिवारीजनों ने पुलिस से शिकायत की है।
बडे़ मियां की दरगाह के निकट ठेल पर दो बाइक सवार युवकों का मोबाइल अचानक गायब हो गया। इस पर वे आसपास खड़े लोगों और बच्चों से पूछताछ करने लगे। इस दौरान मंदबुद्धि आठ वर्षीय बालक कन्हैया पुत्र किशन सिंह भाग गया। इस पर बाइक सवारों ने बालक का पीछा कर दबोच लिया और सड़क पर ले आए।
पूछताछ में बच्चे ने मोबाइल चोरी की बात से इनकार किया तो युवकों ने मासूम का हाथ बाइक के साइलेंसर पर रखकर जला दिया। बच्चे के चीखने पर पड़ोसियों और राहगीरो ने युवकों को पकड़ लिया और पिटाई की।
पिटाई के दौरान मौका लगते ही युवक बाइक समेत भाग गए। घायल बालक के पिता किशन सिंह ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।