आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के फ्रीगंज स्थित विरोला इंटरनेशनल जूता फैक्टरी में सोमवार रात को छत के रास्ते से घुसे चोर ने 8.16 लाख रुपये चोरी कर लिए। चोर चादर ओढ़कर आया। वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस जांच कर रही है।
फ्रीगंज में देवेंद्र सचदेवा की दो मंजिला भवन में फैक्टरी है। फैक्टरी के पिछले हिस्से में बाड़ा बना है। सोमवार रात तकरीबन 12:27 बजे कपड़ा ओढ़कर एक चोर इसी रास्ते से छत पर चढ़ा। छत पर लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए।
दरवाजा तोड़कर पहली मंजिल पर बने एकाउंट विभाग में आ गया। यहां भी दरवाजा तोड़ा। सीसीटीवी कैमरों का फोकस पहले डंडे से छत की तरफ किया। बाद में उनके तार काट दिए। छोटी तिजोरी का लॉक तोड़कर 8.16 लाख रुपये चोरी कर लिए।