थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद रोड स्थित राज्य भंडारण निगम एटा के प्रबंधक के घर (सैफई हाउस) में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर में रखी लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, लाइसेंसी रिवाल्वर, रायफल और एक पेटी कारतूस चोरी कर ले गए। सुबह जगार होने पर गृह स्वामी दंपति को घटना की जानकारी हो सकी। सूचना पर एसएसपी ने पहुंचकर निरीक्षण किया। पीड़ित सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा के सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के दूर के रिश्तेदार हैं।
राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के दूर के रिश्तेदार रामस्वरूप पुत्र रामसहाय यादव एटा में राज्य भंडारण निगम के प्रबंधक हैं। मुस्तफाबाद रोड पर उनका सैफई हाउस के नाम से घर है। रविवार रात रामस्वरूप अपनी पत्नी रामादेवी के साथ नीचे कमरे में सो रहे थे। रविवार रात चोर छत के रास्ते ऊपरी मंजिल में जीने का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोर कमरे में रखी अलमारी से लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, लाइसेंसी रिवाल्वर, एक रायफल, कारतूस की पेटी और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
वारदात के बाद चोर बाहर छज्जे पर लगी रेलिंग में साड़ी बांध नीचे उतरकर फरार हो गए। सुबह रामा देवी जागी तो दरवाजा टूटा था। अंदर कमरे का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं एसएसपी अजय कुमार ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार से जानकारी ली और घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। एसएसपी के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
फरवरी माह में डाक्टर बेटे की हुई थी शादी
ढाई माह पूर्व रामस्वरूप के डाक्टर बेटे आशीष की शादी डाक्टर सोनल के साथ हुई थी। शादी में उपहार के रूप में सोने-चांदी के आभूषण मिले थे। इसके अतिरिक्त घर के आभूषण भी थे, जिनकी कीमत लाखों रुपयों में थी। लगभग पांच लाख रुपये नकद भी चोर ले गए। रामस्वरूप ने बताया कि दो दिन पूर्व ही उनका बेटा और पुत्रवधू घर से मेरठ गए हैं। चोरी की जानकारी होते ही दोनों मेरठ से घर पहुंचे।