आगरा-भांडई रेलमार्ग पर मलपुरा के पास शुक्रवार को अंडमान एक्सप्रेस पलटने की साजिश रची गई। इसके लिए ट्रैक पर बड़ा पत्थर रखा गया था। इससे ट्रेन टकरा भी गई लेकिन गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते ब्रेेक लगा दिए। इससे घटना टल गई। ट्रैक के पास आईएसआई के नाम से धमकी भरा खत भी मिला। इसके बाद पुलिस और रेलवे अधिकारी हरकत में आए। पूरे ट्रैक की चेकिंग कराई गई। देर रात रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया।
आगरा-झांसी रूट पर आगरा कैंट के बाद भांडई स्टेशन पड़ता है। अंडमान से कटड़ा (जम्मू) जाने वाली अंडमान एक्सप्रेस गाड़ी संख्या (16031) शुक्रवार की शाम को झांसी की ओर से डाउन ट्रैक पर आगरा कैंट स्टेशन की ओर आ रही थी। तकरीबन साढ़े सात बजे भांडई में खारी नदी के पास ट्रैक पर वजनी पत्थर से गाड़ी का अगला हिस्सा टकरा गया। तभी चालक ने बिजली की फुर्ती से ब्रेक लगा दिए।
घटना की जानकारी होते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। रेल अफसर, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें घटनास्थल पर रवाना हो गईं। वहां पास में ही एक खत मिला। लिखने वाले खुद को आईएसआई का कंपनी कमांडर मौहम्मद मिर्जा बताया है। खत में धमकी है कि आगरा वालो, मिर्जा धमाकों की सामग्री के साथ आ गया है। उधर, ट्रेन के पत्थर से टकरा जाने के बाद आधा घंटे तक ट्रेन वहां खड़ी रही।
इसके बाद आगरा कैंट स्टेशन लाया गया। इस बीच ट्रैक की बारीकी से चेकिंग कराई गई। इस दौरान ट्रेन ं तकरीबन आधा घंटा कैंट में खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया जा सका। बता दें, गुरुवार को आतंकी संगठन आईएस की ओर से ताजमहल पर आत्मघाती हमले की धमकी सामने आई थी।
पीएम मोदी भी निशाने पर
आगरा।
टूटी फूटी हिन्दी में लिखे गए खत में पहला निशाना संसद भवन को बताया गया है। इसकेबाद लखनऊ, मथुरा, उत्तर मध्य रेलवे, आगरा शहर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमत्री राजनाथ सिंह का नाम है। धमकी है कि दहशत के चलते खाली ट्रेनें चलेंगी।
खुराफातियों की हरकत या आईएसआई साजिश
आगरा।
आईएसआई कमांडर मौहम्मद मिर्जा के नाम से रेलवे को पहले भी धमकी भरे खत मिलते रहे हैं। आज तक इनकी सच्चाई का पता नहीं चल पाया । पुलिस और खुफिया एजेंसियां एक बार फिर यह मालूम करने में लगी हैं कि खत के पीछे स्थानीय खुराफातियों का दिमाग है या वास्तव में आईएसआई की साजिश है।