गांव शेखपुरा से 27 जनवरी की सुबह अपहृत किए गए कक्षा 11 के छात्र विष्णु धाकरे की 28 की रात हत्या कर दी गई। उसका शव छलेसर में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। इस पर चोट के कई निशान थे । माना जा रहा है कि उसकी हत्या पीट-पीटकर की गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को ट्रैक पर फेंका गया। हालांकि वारदात का मकसद अभी साफ नहीं हो सका है।
किसान सूरज धाकरे का इकलौता बेटा विष्णु कुबेरपुर स्थित जीएस पब्लिक हायर सेकेंड्री स्कूल का छात्र था। वह 27 की सुबह करीब आठ बजे 12 किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जाने के लिए साइकिल से चला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा।
28 की दोपहर गांव पीपरिया में उसका बैग मिला। यह गांव स्कूल के रास्ते में नहीं पड़ता है। यहीं से उसके साथ अनहोनी की आशंका होने लगी। उसकी साइकिल का कुछ पता नहीं चला। रात साढ़े दस बजे पुलिस को छलेसर में रेलवे ट्रैक के पास लाश मिली।
हुलिया देखकर रात दो बजे विष्णु के परिवार को वहां बुलाया गया। उन्होंने उसकी शनाख्त की। उसके पिता ने बताया कि शव पर चोट के कई निशान थे। शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम हो जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि मौत सिर पर भारी वस्तु के प्रहार से हुई। वजह शॉक एंड हेमरेज रही। मृत्यु 28 की रात लगभग दस बजे हुई। शव क्षत-विक्षत हालत में था।
विष्णु के पिता का कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं लेकिन हो सकता है कि कोई मन ही मन उनसे दुश्मनी मानता हो। उधर, इंस्पेक्टर एत्मादपुर का सिर्फ इतना कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें नहीं मिल पाई है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बताया कि अपहरण की रिपोर्ट लाश मिलने से कुछ देर से पहले ही दर्ज की गई।