सोशल मीडिया पर फ्राड कंपनियों से बचने की सलाह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
घर बैठे मोटी कमाई का लालच देकर बेरोजगारों से ठगी करने वाली कंपनियों से लोगों को बचने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है, जिसमें इस तरह की फ्राड कंपनियों की स्कीम और उनकी प्लानिंग के साथ बचने के बारे में बताया गया है। यह वीडियो वायरल हो गया है।
नोएडा में हाल ही में घर बैठे इंटरनेट के माध्यम से मोटी कमाई का लालच देकर सात लाख लोगों से 3700 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। सोशल ट्रेड बिज नाम से आनलाइन सोशल मीडिया पोर्टल बनाकर ठगी की जा रही थी। एसटीएफ ने मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इतने बड़े स्तर पर ठगी का मामला सामने आने के बाद इसी तरह से व्यापार कराने वाली कई और कंपनियों पर सवाल उठने लगे हैं। हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बताया गया है कि किस तरह से कंपनियां प्रलोभन देती हैं। होलीडे पैकेज काल्स, इंश्योरेंस बोनस काल्स, आनलाइन सर्वे, लाटरी ईमेल्स और मोबाइल टावर्स के नाम पर ठगी की जाती है। अब पांजी स्कीम के तहत लोगों से ठगी की जाती है। आम भाषा में इसे टोपी घुमाना भी कह सकते हैं। इसके बाद लोगों से निवेश के नाम पर पैसा इकट्ठा किया जाता है। कुछ लोगों को रकम अदा करने के बहाने निवेशकों की संख्या बढ़ाई जाती है। इसके बाद कंपनी फरार हो जाती है। इसमें सोशल ट्रेड बिज का भी उदाहरण दिया गया है। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि वीडियो किसी संस्था की ओर से बनाया गया है। इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों के पास भेजा जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को मीडिया के माध्यम से भी फर्जी कंपनियों से बचने की सलाह दी जा रही है।
रिजर्व बैंक की चेतावनी भी बताई
- रिजर्व बैंक भी लोगों को ऐसी कंपनियों से सतर्क रहने की चेतावनी देता है। जो लोगों को आसानी से पैसा देने का प्रलोभन देती है।
- मनी सर्कुलेशन, मल्टी लेवल मार्केटिंग, पिरामिड स्ट्रक्चर योजनाएं एक दंडनीय अपराध हैं।
- आम जनता को ऐसी स्कीम का प्रलोभन देने वाले लोगों अथवा कंपनियों की शिकायत राज्य पुलिस को तुरंत करनी चाहिए।