जगदीशपुरा के नीलगिरी एंक्लेव में शुक्रवार दोपहर एयरफोर्स के सीनियर एकाउंट आफिसर धर्मेंद्र कुमार हरित के सूने घर में चोरों ने धावा बोला। तकरीबन 25 तोला सोने, एक किलोग्राम चांदी के जेवर, 40 हजार नगद समेत कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
धर्मेंद्र कुमार की पत्नी सुनीता सरकारी स्कूल में टीचर हैं। सुबह 6:30 बजे वह स्कूल चली गईं थीं। धर्मेंद्र भी दस बजे आफिस चले गए। बेटी कीर्ति, कृतांशि कोचिंग और बेटा यश स्कूल चला गया। दोपहर तकरीबन एक बजे घर लौटी कृतांशि मेन गेट का लॉक खोलने लगी। तभी दो बदमाश घर के अंदर से दीवार फांदकर भाग निकले। उन्होंने शोर मचाया। कालोनी के पार्क के पास खड़े युवक से पकड़ने को कहा तो वह भी भाग निकला। सूचना पर धर्मेंद्र भी पहुंच गए। चोर ड्राइंग रूम की खिड़की की सरिया को तोड़कर घर में घुसे थे। तीन कमरों में रखे बेड और अलमारी को खंगाल डाला। सूचना पर अवधपुरी चौकी की पुलिस पहुंची। घर के अंदर से एक बड़ा पेंचकस और सब्बल बरामद हुआ। सुनीता ने बताया कि चोर बेटियों के लिए बनवाया गया जेवर भी चोरी कर ले गए।