15 मई की रात को होलीगेट की कोयला वाली गली में दो सराफा कारोबारियों की हत्या कर चार करोड़ का सोना लूटने वाले रंगा गैंग के छह बदमाश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। शनिवार की सुबह चौबियापाड़े से गिरफ्तार बदमाशों में गैंग का सरगना राकेश उर्फ रंगा, उसके दो भाई नीरज और कामेश उर्फ चीनी, कामेश का साला विष्णु और उसके साथी आदित्य, आयुष हैं। मुठभेड़ के दौरान राकेश और नीरज को गोली लगी है। दो इंस्पेक्टरों समेत आठ पुलिस वाले भी घायल हैं।
15 मई की रात को सवा आठ बजे होलीगेट पर स्थित कोयला वाली गली में सराफा मेघ अग्रवाल और विकास अग्रवाल की गोलीमारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। बदमाश दो मिनट के भीतर चार करोड़ का सोना और कैश लूटकर ले गए थे। ये हत्याकांड विधानसभा में भी गूंजा था। घटना के सीसीटीवी फुटेज से दो बदमाशों की पहचान हो गई थी।
इसी आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को चौबियापाड़े में दबिश दी। यहां एक मकान में छिपे बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से रंगा और उसका छोटा भाई नीरज घायल हैं। इन्हें आगरा भेज दिया गया है। पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी शातिर बदमाश हैं। रंगा पर पहले से ही दस से ज्यादा केस हैं। लूटे गए जेवरात में करीब बीस लाख के आभूषण बरामद हुए हैं जबकि बाकी माल की बरामदगी के लिए प्रयास हो रहे हैं।
बता दें कि मथुरा की इस घटना को लेकर प्रदेश भर में बड़ा आक्रोश था। शुक्रवार को सराफा व्यापारियों ने प्रदेश बंद कर घटना के खुलासे की मांग की थी। वहीं विधानसभा में इसे लेकर काफी हंगामा हो रहा था। इससे पुलिस पर भी खुलासे का दबाव बन गया था।
वहीं मथुरा में सोमवार से ही सराफा बाजार बंद होने के कारण करीब 400 करोड़ का नुकसान हो चुका है। व्यापारियों ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था जिसकी मियाद आज समाप्त हो रही थी लेकिन पुलिस उससे पहले ही घटना का खुलासा कर दिया।