गुलिस्तां पार्किंग में ब्रिगेडियर से मांगे 400 रुपये
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सीकरी स्मारक पर गुलिस्तां पार्किंग में गाड़ी ऊपर तक ले जाने के बदले दिल्ली निवासी ब्रिगेडियर विवेक कुमार से 400 रुपये की मांग की गई। पार्किंग में इस तरह की वसूली का खेल देखकर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। इस संबंध में उन्होंने स्मारक परिसर में मौजूद एएसआई अधिकारी से मिलकर खासी नाराजगी व्यक्त की। बाद में स्मारक का भ्रमण कर वे दिल्ली लौट गए।
दरअसल, सेना में ब्रिगेडियर दिल्ली निवासी विवेक कुमार शुक्रवार को सीकरी स्थित स्मारक का भ्रमण करने अपने परिवार के साथ आए थे। गुलिस्तां पार्किंग में तैनात कर्मचारियों ने उन्हें गाड़ी ऊपर ले जाने से रोक दिया। साथ ही गाड़ी ऊपर ले जाने के बदले उनसे 400 रुपये की मांग की। सुप्रीम कोर्ट के नियमों की जानकारी होने पर ब्रिगेडियर गाड़ी वहीं छोड़कर सीएनजी बस से स्मारक क्षेत्र पहुंचे। ऊपर उन्होंने कई लग्जरी गाड़ियां देखकर गाइड ने जानकारी की। मामले की असलियत जानकर ब्रिगेडियर खासे नाराज हुए। उन्होंने जोधाबाई बुकिंग स्थल के पास मौजूद एएसआई अधिकारी से आपत्ति जताई। बाद में स्मारक भ्रमण के बाद वे दिल्ली लौट गए। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंध के बाद भी जोधाबाई बुकिंग स्थल तक पार्किंग कर्मियों की अवैध वसूली और एएसआई अधिकारियों की अनदेखी के चलते तमाम वाहन पहुंचते हैं। इस संबंध में वरिष्ठ संरक्षण सहायक मुनज्जर अली का कहना है कि सेना की गाड़ी को रोकने का कोई सवाल ही नहीं है। मंत्री और प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ी एंट्री के बाद ऊपर जाती हैं। ब्रिगेडियर को रोकना पार्किंग कर्मियों की गलती है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।