आगरा किला के सामने शुक्रवार शाम को सदर के कपड़ा व्यापारी ने तीन लाख रुपये लूटे जाने की सूचना देकर सनसनी फैला दी। कपड़ा व्यापारी ने बताया कि दो बाइक सवार चार बदमाशों ने घेर लिया। कनपटी पर तमंचा लगाकर तीन लाख रुपए लूट लिए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। सीसीटीवी फुटेज चेक किए। पीड़ित व्यापारी लोअर और चप्पल में था। पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध नजर आ रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
सदर क्षेत्र के नौलक्खा निवासी गंगा प्रसाद उर्फ पप्पन की नंद सिनेमा के पास कार्तिक गारमेंट के नाम से दुकान है। वह शाम तकरीबन चार बजे बाइक से एत्माद्दौला में रहने वाले अपने साढ़ू सुनील कुमार के घर जा रहे थे। उनके पास तीन लाख रुपए थे। रकम साढ़ू को देनी थी। आगरा किला के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने घेर लिया।
गंगा प्रसाद के मुताबिक, बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा तानकर तीन लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद भाग गए। उन्होंने दोस्तों और परिचितों को फोन करके जानकारी दी। एक परिचित ने पुलिस को फोन किया। पुलिस देर रात घटना की पुष्टि करने में लगी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली
थाना रकाबगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि गंगा प्रसाद के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी थी। गंगा प्रसाद लोअर पहने हुए थे। जांच में पता चला कि गंगा प्रसाद का अपने साढ़ू से विवाद चल रहा है। साढ़ू के शुक्रवार को कार्यक्रम भी था। मगर, गंगा प्रसाद को नहीं बुलाया। अगर, कार्यक्रम में जाते तो लोअर टीशर्ट में नहीं होते। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। उसके लोअर में रुपये भी नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सुबह रुपये बैंक से निकाले थे। इसके बाद रुपये लेकर दुकान पर रहा। उसकी बातों पर शक हो जा रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। लूट की सूचना भी एक घंटे बाद दी गई थी। पीड़ित का कहना था कि उनके साथ लूट हुई है। इसलिए शिकायत की है। पुलिस को तहरीर दी है।