अछनेरा की रेलवे कॉलोनी में गुरुवार की रात कच्छा बनियानधारी बदमाशों ने रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर पर कहर बरपाया। परिवार के पांच सदस्यों को सरियों और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद घर से लाखों के सोने चांदी के जेवरात और केश लूटकर भाग निकले। घायल लोगों को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कचोरा रोड रेलवे फाटक निवासी नवरत्न सिंह बघेल के घर में रात तकरीबन दो बजे छत के रास्ते आठ-दस कच्छा बनियानधारी बदमाश घर में घुस आए। खटपट की आवाज पर नवरत्न की पत्नी ललिता जाग गईं। उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने उनका मुंह बंद कर दिया। नवरत्न जागे तो उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। घर में बेटी शशि, नातिन प्रिया और दामाद शिक्षक राजवीर भी थे, बदमाशों ने उन्हें भी पीटा। इसके बाद नवरत्न पर सरिया से हमला बोला, जिससे वे लहूलुहान हो गए। बदमाशों ने 25 तोला सोने के जेवरात, पांच किग्रा चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये लूट लिए। एक सूटकेस में सभी सामान रखकर खेतों के किनारे होकर भाग निकले। इसके बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया, तब ग्रामीण उनके पास पहुंचे। घायल नवरत्न, ललिता और राजवीर को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी मेें भर्ती कराया गया। सूचना पर एसपीआरए बबीता साहू, सीओ अछनेरा रविकांत पाराशर पहुंच गए। प्रिया ने पुलिस को बताया कि बदमाश कच्छा बनियान पहनकर आए थे।
बालिका को भी जमकर पीटा
बदमाशों ने नवरतन की नातिन 10 साल की प्रिया को भी नहीं छोड़ा। बदमाशों को देख वह चीखी तो उसे भी जमकर पीटा। इससे उसका एक दांत टूट गया।
आसपास के घरों की बाहर से लगा दी कुंडी
बदमाशों ने नवरत्न सिंह के घर में घुसने से पहले उनके पड़ोसियों के मकानों के घर के दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी थी, जिससे शोर सुनकर वे उन्हें बचाने नहीं आ सकें।
दो घरों में लाखों की चोरी
रेलवे कालोनी में ही मोहन सिंह के घर में सीढ़ियों के रास्ते घुसे चोरों ने अलमारी के ताले तोड़ सोने चांदी के जेवर, 12 हजार रुपये उड़ा दिए। अछनेरा से तकरीबन 200 मीटर दूर स्थित स्वामी कृष्णानंद पब्लिक स्कूल के कार्यालय का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये और कीमती सामान ले गए।