आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम एक महिला के घर अपने प्रेमी से मिलने आई युवती ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। युवती का कहना है कि कमरे में युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस पर उसने शोर मचा दिया। वहीं युवती के परिवारीजनों का आरोप है कि महिला ने धोखे से युवती को युवक से मिलवाया।
युवती की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे युवती के परिवारीजनों ने तीनों को पकड़ लिया। बाद में थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
युवती के परिजनों का कहना है कि गांव की ही एक महिला ने उनकी बेटी को बहाने से अपने घर बुला लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। उस कमरे में युवती का प्रेमी पहले से ही बैठा हुआ था। आरोप है कि कमरे में युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ की।
इसके विरोध में युवती ने चीख पुकार मचा दी। आवाज सुनकर युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तीनों को पकड़ लिया। लेकिन मौका पाकर युवक मौके से फरार हो गया।
इस पर युवती के भाई ने आरोपी के खिलाफ थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।