फिरोजाबाद के सुभाष तिराहा स्थित भीड़ भरे चौराहे से महिला को बाइक पर जबरन उठाकर ले जाने वालों के खिलाफ पुलिस अपहरण के प्रयास में कार्रवाई करेगी। एसपी सिटी ने जांच के बाद मामले को सही पाया है। उन्होंने कहा दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना उत्तर के नीम चौराहा निवासी ज्योति शर्मा पत्नी अरुण कुमार 27 सितंबर की शाम को जैननगर से घर की ओर जा रही थी। वह सुभाष तिराहे पर पहुंची थी कि तभी थाना उत्तर के मथुरानगर निवासी सन्नू चौधरी व आकाश व एक अन्य उसे जबरन बाइक पर उठा ले गए। महिला का आरोप है कि उसे कई घंटे तक बंधक बनाकर रखने के साथ मारपीट की गई।
पीड़िता के पति ने थाना दक्षिण पुलिस को सूचना दी तो महिला को पुलिस ने दबिश देकर मुक्त कराया। मामला थाना उत्तर क्षेत्र का होने के कारण इसे उत्तर स्थानांतरित कर दिया था। पीड़ित के पति की मानें तो थाना उत्तर की पुलिस पहले तो समझौते का प्रयास करती रही। बाद में अपहरण का प्रयास करने का अभियोग दर्ज कर लिया।
थाना पुलिस के द्वारा सन्नू के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उसे थाने से छोड़ दिया। पुलिस की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली का मामला उजागर होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को काफी गंभीरता से लिया है।
एसपी सिटी राजेश सिंह ने कहा कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि ज्योति शर्मा के अपहरण का प्रयास एवं बंधक बनाकर मारपीट की थी। थाना उत्तर में दर्ज धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें पुलिस कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।