मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से तस्करी कर लाई गई शराब बाह, पिनाहट सर्किल के गांवों में खपाई जा रही है। गांव में दुकानों पर बिकने वाली शराब से हुई मौत के बाद पुलिस ने इस धंधे को रोकने के लिए कसम का सहारा लिया है। सीओ बाह एनके चौधरी ने थाने में पुलिसकर्मियों और चौकीदारों को उनके इलाकों में अवैध शराब न बेचने देने की शपथ दिलाई।
बाह और पिनाहट क्षेत्र के गांवों में तस्करी की शराब बेची जा रही है। बड़ा गांव और गुमान सिंह पुरा में छह महीने पहले शराब पीने से दो लोगों की मौत के बाद भी पुलिस प्रशासन सोया रहा। आबकारी विभाग के छापे भी वसूली तक सीमित थे। हाल ही में मुकुटपुरा, फतेहपुरा और इससे पहले पिढ़ौरा के विजयगढ़ी, गढ़वार गांव में पकड़ी गई शराब को लेकर आबकारी विभाग की टीम सुर्खियों में रही। गांवों में पंचायत चुनाव को लेकर इस धंधे की जड़ें गहरी हो गई हैं। ऐसे में सीओ एनके चौधरी की कसम इस धंधे को रोकने में कितनी कारगर साबित होगी। इसके लिए आने वाले दिनों का इंतजार करना होगा।