कमला नगर से इंटीरियर डिजाइनर संजय अग्रवाल के इकलौते बेटे और सेंट पीटर्स स्कूल के होनहार छात्र अभिषेक उर्फ बिट्टू के अपहरण को पूरा एक महीना हो गया। उसकी तलाश में तमाम कोशिशें की जा चुकी हैं लेकिन उसका मिलना तो दूर कहीं से कोई सुराग तक नहीं मिला है। खुद को क्राइम डिटेक्शन का एक्सपर्ट बताने वाले पुलिस अफसर इतना तक साफ नहीं कर पाए कि उसका अपहरण किस मकसद से किया गया?
30 दिनों से पूरे परिवार का हाल-बेहाल है। बहन की पढ़ाई छूटी पड़ी है। पिता अपना काम छोड़कर दिन रात उसकी तलाश में लगे हैं। मां की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। पुलिस इन्हें आश्वासन तक नहीं दे पा रही। अफसरों की चौखट रगड़ने के बाद ये लोग बेबसी में अब तांत्रिक बाबाओं के चक्कर लगा रहे हैं।
हालांकि पुलिस ने भी उम्मीद नहीं छोड़ी है। गुरुवार को भी संजय अग्रवाल पूरे परिवार के साथ एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह से मिलने पहुंचे। एसएसपी ने उनसे कहा कि पुलिस अपनी तरफ से हर मुमकिन कोशिश कर रही है। बता दें, पांच जनवरी को बिट्टू कमला नगर में अपने घर से कोचिंग जाते समय लापता हो गया था। उसकी साइकिल गेस्ट हाउस के सामने खड़ी मिली थी। तीन दिन बाद 13 साल के एक बच्चे ने दावा किया था कि उसके सामने ही कुछ लोग बिट्टू को सफेद रंग की मारुति वैन में डालकर ले गए थे।
सवालों में उलझी कहानी
- अगर बिट्टू का अपहरण किया गया है तो फिरौती के लिए अभी तक फोन या खत क्यों नहीं आया?
- अगर अपहरण नहीं हुआ तो एक बालक ने क्यों कहा कि उसे बदमाश उसके सामने वैन में डालकर ले गए?
- अगर वह खुद गया है तो उसका पता क्यों नहीं चल पा रहा? परिवार ने तो तलाश में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है।
क्या-क्या न किया...
- बिट्टू के परिवार ने फेसबुक पर द अकेला केला नाम से पेज बनाकर अपील की।
- आस-पास के जिलों में लगभग 100ढाबों पर जाकर जानकारी की।
- रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर 1000 पोस्टर लगवाए।
- मंदिर में सत्संग कराया, अभी भी अखंड ज्योति जलाई जा रही है।
- तांत्रिकों और ज्योतिषाचार्यों के पास गए, कई दिन व्रत रखे।
- पुलिस पर दबाव बनाने के लिए थाना पर प्रदर्शन किया, कमला नगर में धरना दिया।