आगरा के एक अधिकारी और कारोबारी हनी ट्रैप में फंस गए। फेसबुक पर युवती की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे दोस्ती की गई। पहले युवती ने आपत्तिजनक फोटो भेजे। बाद में अधिकारी और कारोबारी के मंगा लिए। उन्हें जाल में फंसाने के बाद रकम खातों में जमा करने का दबाव बनाया गया। पीड़ितों ने साइबर सेल में शिकायत की। इसके बाद फेसबुक आईडी बंद करा दी गई।
पहला मामला बीएसएनएल अधिकारी है। पिछले दिनों अधिकारी की फेसबुक आईडी पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। अधिकारी ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। युवती उनसे चैटिंग करने लगी। मगर, उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ दिन बाद जवाब देना शुरू कर दिया।
युवती ने अपने कुछ फोटो भी भेज दिए। इसमें कुछ फोटो अश्लील भी थीं। युवती ने अधिकारी से भी इसी तरह अपने फोटो भेजने के लिए कहा। वो जाल में फंस गए। फोटो भेजते ही उन्हें ब्लैकमेल किया जाने लगा। युवती ने कहा कि खाते में 20 हजार रुपये जमा करा दो। अगर, ऐसा नहीं करोगे तो दोस्तों, रिश्तेदारों को उनकी फोटो भेज देगी।
अधिकारी डर गए। इससे तनाव में आ गए। उन्होंने पत्नी को बता दिया। इसके बाद साइबर सेल में शिकायत की। उनका प्रोफाइल डिलीट कर दिया गया। फेसबुक को भी पत्र लिखा है। इसमें फेक आईडी के बारे में जानकारी मांगी गई है।