न्यू आगरा पुलिस पर फूट पड़ा लोगों का गुस्सा
यहां क्या कर रहे इंस्पेक्टर, तुम्हारा यहां क्या काम है, यहां कौन सी लॉ एंड ऑर्डर की समस्या है, जाओ जाकर कातिल को ढूंढो, अब निकलो यहां से.... यह गुस्सा था गम के मारे लोगों का। पुलिस को देखते ही भड़क उठे। उनके तेवर देख पुलिस के होश उड़ गए। इंस्पेक्टर अपनी टीम को लेकर वहां से खिसक लिए और बहुत दूर जाकर खड़े हो गए।
उन्हें शायद अफसरों ने भेजा था पब्लिक के गुस्से पर नजर रखने के लिए। जैसे ही अनेक सिंह सिकरवार का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा, वैसे ही न्यू आगरा थाना से पूरी जीप भरकर पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर भी मौजूद थे। तभी भाजपा पार्षद कुंदनिका शर्मा वहां पहुंचीं।
उन्होंने इंस्पेक्टर को देखते ही कहा कि यहां क्या कर रहे हो? तुमसे कोई केस तो खुलता नहीं है। बिट्टू का अपहरण हुए 16 दिन हो गए, कुछ पता लगा पाए, एक लड़की से रेप हो गया, और अब यह हत्या। कमला नगर पर कहर टूट पड़ा है और तुम यहां बेवजह खड़े हो। उनके तेवर देख आस-पास खड़े लोग भी भड़क उठे। उन्होंने पुलिस को खूब खरी-खरी सुनाई।
यह सुन इंस्पेक्टर अपनी टीम सहित तेज कदमों से वापस चले गए और काफी दूर जाकर जीप में बैठ गए। गौरतलब है कि कमला नगर के ही इंटीरियर डिजाइनर संजय अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल उर्फ बिट्टू का पांच जनवरी को अपहरण हुआ था। उसका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस की इस नाकामी पर भी लोगों मेें गुस्सा है।
‘आज कमला नगर बंद रखेंगे’
आगरा। पुलिस के सामने ही कई लोगों ने एलान कर दिया कि आज (गुरुवार को) कमला नगर बंद रखेंगे। व्यापारी नेता बोले कि और जुर्म बरदाश्त नहीं कर सकते। पुलिस अपराध रोक नहीं पा रही है। कई लोगों ने उनका समर्थन किया।