एटीएम से निकला 500 का चूरनवाला नोट
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली में एटीएम से दो-दो हजार रुपये के चूरनवाले नोट निकलने के बाद ताजनगरी में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां खेरिया में स्थित सिंडिकेट बैंक के एटीएम से 500 रुपये का नोट चूरनवाला निकला है। इस पर रिजर्व बैंक इंडिया की जगह चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखा है। इसका शिकार बने हैं मधु नगर के पवन यादव। उन्होंने इसकी शिकायत बैंक के टोल फ्री नंबर पर कर दी है। साथ ही खेरिया पुलिस चौकी पर तहरीर भी दे दी है।
प्राइवेट कंपनी में सेल्स का काम करने वाले पवन यादव ने बताया कि उन्होंने बुधवार को रात 10:45 बजे एटीएम से 600 रुपये निकाले। सौ का नोट कुछ फटा हुआ था लेकिन 500 का नोट देखकर वह हैरान रह गए। यह चूरनवाला नोट था।
इस पर अंग्रेजी में चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखा था और हिंदी में भारतीय मनोरंजन बैंक। साइड में लिखा था चूरन लेवल। ‘मैं धारक को पांच सौ रुपये अदा करने का वचन देता हूं’ की जगह लिखा है ‘मैं धारक को पांच सौ कूपन अदा करने का वचन देता हूं।’ नोट का रंग रूप एकदम असली की तरह है। एक बार में पहचानना मुश्किल है कि असली नोट है या चूरनवाला।
पवन यादव ने बताया कि उन्होंने तुरंत यह नोट एटीएम के गार्ड को दिखाया। उससे कहा कि सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखा जाए, सुबह बैंक में शिकायत करेंगे। इसकेबाद उन्होंने खेरिया पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत की। साथ ही बैंक की टोल फ्री सर्विस पर फोन मिलाकर इसकी जानकारी दी। बता दें, दिल्ली में इस तरह के नोट निकलने पर वित्त मंत्रालय ने जांच के आदेश दिए थे।
कैसे आया एटीएम में यह नोट
सबसे बड़ा सवाल यह है कि एटीएम में यह नोट कैसे आया? क्या एटीएम में कैश डालने वाली कंपनी की ओर से कोई चूक हुई है या फिर कोई और वजह है। सच का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।