एटा में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (जेई) सत्यम मिश्रा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की जांच कई बिंदुओं को लेकर चल रही है। हालांकि पूरे मामले में हत्यारे भी ऐसी गलती कर गए कि पुलिस के लिए पूरी गुत्थी सुलझाना काफी आसान हो गया है।
ऐसे में पुलिस ने सबसे पहले सत्यम मिश्रा का सेलफोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल निकलवाई है। वहीं शक रूम पार्टनर रविकांत मौर्य पर भी है। ऐसे में पुलिस ने सत्यम मिश्रा के रूम पार्टनर जेई रविकांत मौर्य के सेलफोन की डिटेल और लोकेशन भी खंगालनी शुरू कर दी है। रविकांत के आने पर उससे पूछताछ की तैयारी है।
बता दें कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मंदाकिनीपुरम में सरकारी आवासीय कालोनी बनाई गई है। कालोनी निवासी लोगों ने बताया कि गेट पर चौकीदार रहता है। रात 10 बजे के बाद गेट बंद हो जाता है। इसके चलते रात में कालोनी में अज्ञात के घुसने की कोई गुंजाइश नहीं है।