आगरा पुलिस ने सिपाही सतीश यादव के तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने मंगलवार रात नौ बजे कालिंदी विहार में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में सलमान उर्फ लल्ला नाम के बदमाश को पैर में गोली लगी है। उसके साथी राहुल जाटव और श्यामवीर उर्फ सरिया गिरफ्तार किए गए हैं।
गिरोह का सरगना जाफर उर्फ सोनू बताया गया है। वह मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस का कहना है कि जाफर और लल्ला ने ही सतीश यादव को गोली मारी थी। एत्माद्दौला के 80 फुटा रोड पर यह मुठभेड़ कांशीराम आवासीय कालोनी के सामने हुई।
इससे थोड़ा आगे ही प्रकाशपुरम में 29 जुलाई को एत्माद्दौला थाना के सिपाही सतीश यादव की दो गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, एक बाइक और कारतूस मिले हैं। यह गिरोह वारदात के लिए कालिंदी विहार में आया था।
न्यू आगरा थाना के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार और एत्मौद्दौला के हुकुम सिंह वहीं गश्त पर थे। उन्होंने घेराबंदी की तो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। हुकुम सिंह ने बताया कि बदमाशों ने 10 राउंड फायर किए गए। जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड गोली चलाई।
एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे ने बताया कि पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार हुए हैं, इनमें एक के पैर में गोली लगी है। इनका एक साथी अभी फरार है। यह गिरोह सिपाही सतीश यादव की हत्या में शामिल रहा।