मथुरा में कोसीकलां की जिंदल कालोनी से गायब हुए किशोर नितेश की हत्या उसके साथ रहने वाले युवक ने की थी। किशोर पर उसने चाकू से प्रहार किए थे। युवक नितेश से उसका नया मोबाइल हथियाना चाहता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से चाकू बरामद कर उसका चालान कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
पांच अगस्त को जिंदल कालोनी से गजेंद्र का 13 वर्षीय पुत्र नितेश एकाएक लापता हो गया था। नितेश के गायब होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने 13 अगस्त की रात में नितेश का शव नंदगांव रोड पर बंद फैक्ट्री के गोदाम से बरामद किया। इस मामले में आरोपी युवक पंकज निवासी न्यू अग्रवाल कालोनी कोसीकलां को नितेश की हत्या करने में गिरफ्तार किया गया है।
इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि आरोपी की हाल ही में शादी हुई थी। ससुराल जाने के दौरान उसे नये फोन की इच्छा थी। निठल्ला होने के कारण उसके पास पैसे भी नहीं थे। नितेश के पास नया फोन देख कर उसने दोस्ती गांठ ली। फोन मांगने पर नितेश ने मना किया तो पांच अगस्त को युवक उसे खेलने के बहाने एक बंद पड़ी फैक्ट्री में ले गया और चाकू से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव और चाकू को वहीं गोदाम में भरे हुए भूसे में दबा दिया।