कालेज में क्लास बंक करके दोस्तों के साथ महताब बाग आना चार छात्राओं को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों को छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करता देखकर भीड़ लग गई। लोगों के रोकने पर युवकों ने उन पर बीयर की बोतल फेंकी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्राओं और युवकों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने का मामला दर्ज किया है। एक युवक सीआरपीएफ के दरोगा का पुत्र है।
यह छात्राएं रकाबगंज क्षेत्र स्थित एक कालेज में बीए की छात्राएं हैं। तकरीबन एक बजे वैन से दो युवक चारों को लेकर महताब बाग पर आए। पार्क में मौज मस्ती करने के बाद सभी दोपहर दो बजे वैन में आकर बैठ गए। काफी देर तक वैन के खड़े रहने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक अश्लील हरकत कर रहे थे। वह बीयर भी पी रहे थे। लोगों की भीड़ लगने पर युवकों ने कार के अंदर से बोतल फेंकना शुरू कर दिया। इस पर लोग भड़क गए। उन्होंने वैन को घेर लिया। इसके बाद हंगामा काटना शुरू कर दिया। तब सूचना पर पहुंची पुलिस छात्राओं और युवकों को थाने पर ले आई। छात्राएं पहले सही नाम-पता नहीं बता रही थी, लेकिन बाद में पुलिस के सख्ती से पूछने पर सही जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि छात्राएं सदर और शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। वे क्लास बंक करके दोस्तों के साथ आईं थीं। एक युवक के पिता सीआरपीएफ में दरोगा हैं। उसने थाने पर आकर हंगामा भी किया।
शर्मिंदा हुए घरवाले
थाने आने पर छात्राएं रोने लगी। उनका कहना था कि वे पार्क में घूमने आईं थीं। उनकी कोई गलती नहीं है। उनके घरवालों को नहीं बुलाया जाए। मगर, पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। थाने आए छात्राओं के परिवारीजन भी काफी शर्मिंदा हुए।