वाटर वर्क्स स्थित लाल मसजिद में शुक्रवार रात दबंगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। घर में अकेली किशोरी को डंडा मारकर लहूलुहान कर दिया। तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने एनसीआर दर्ज किया है।
लाल मसजिद निवासी लज्जा देवी के बेटे सतीश को 22 जून 2014 को पड़ोस के कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। कुछ देर बाद सतीश सड़क पर पड़ा मिला था। उसकी एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी मेें इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। आरोप है, आरोपी अब जमानत पर रिहा होने के बाद उन्हें धमका रहे हैं। लज्जा की बहन गीता पत्नी बद्री प्रसाद पड़ोस में रहती है। शुक्रवार रात तकरीबन दस बजे आरोपी पक्ष के लोग लज्जा देवी और गीता से गालीगलौज करने लगे। वह शिकायत करने बल्केश्वर चौकी पर आईं तो घर पर हमला बोल दिया। गीता की बेटी के साथ मारपीट की। पड़ोसियों के आने पर हमलावर भाग गए। परिवारीजनों का कहना है कि आरोपी दबंग हैं। जान को खतरा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इंस्पेक्टर न्यू आगरा का कहना है कि मेरे संज्ञान में मामला नहीं है। अगर, मारपीट का मामला है तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।