एटा के गांव कुसाड़ी में रविवार सुबह युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके परिवारीजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों में शव को देख कोहराम मच गया। इसी दौरान पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के पिता ने पुत्रवधू के प्रेमी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली देहात के गांव कुसाड़ी निवासी सोनू पुत्र राजेश की बीते पांच मई को गढ़िया दौलतपुर थाना सकीट की एक युवती के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि युवती के मायके के ही एक युवक से प्रेम संबंध थे। नौ जून को युवती ससुराल में थी तभी घर में किसी को न पाकर उसका प्रेमी घर आया था जिसे अचानक घर पहुंचे परिवारीजनों ने देख लिया।
यह बात सोनू को पता चली तो उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। रविवार शाम वह किसी काम की कहकर घर से निकला, उसके बाद वापस नहीं लौटा। सोनू के पिता राजेश का आरोप है कि पुत्रवधू का प्रेमी रविवार को घर आया बेटे सोनू को बुलाकर ले गया और उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटकाकर भाग गया।
कोतवाली देहात पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सोनू की मौत का कारण फांसी लगने, दम घुटने से बताया गया है।