दोस्त के भाई की शादी में फर्रुखाबाद जाने की बात कहकर निकले मैनपुरी के सभासद का शव मध्य प्रदेश के भिंड में मिला। सभासद की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या की जानकारी मिलने के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए भिंड रवाना हो गए हैं।
बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला पश्चिमी लक्ष्मीनगर निवासी सर्वेश गुप्ता का 20 वर्षीय पुत्र पंकज गुप्ता सभासद था। शनिवार को वो मोहल्ला निवासी दोस्त के भाई की शादी में शामिल होने के लिए निजी कार से फर्रुखाबाद जाने के लिए निकला था। बरात निकलने के साथ ही वह भी रवाना हो गया था।
रातभर परिजन उसका मोबाइल मिलाते रहे, लेकिन वह बंद रहा। रविवार की सुबह तक पंकज घर नहीं लौटा तो पिता ने थाने में सूचना दी। सुबह करीब 11 बजे भिंड के बरोही थानाध्यक्ष शिवप्रताप का फोन आया। उन्होंने गांव इमलेंड़ी के पास पंकज का शव कार में पड़े होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भिंड के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने के बाद शव की शनाख्त पंकज के रूप में की। पंकज की हत्या सिर में गोली मारकर की गई थी। हत्या किसने और क्यों कि इसको लेकर अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। भिंड पुलिस मामले की जांच कर रही है।