मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव में शादीशुदा प्रेमी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। जब इसका पता उसकी प्रेमिका को लगा तो उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी भी मौत हो गई।
गुरुवार रात हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने चुप्पी साध ली है। कोई भी घटना को लेकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम इटावा में कराया गया।
पुलिस के अनुसार थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव विनायकपुर निवासी 30 वर्षीय युवक अर्जुन सिंह पुत्र उपदेश सिंह शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे भी हैं। उसके प्रेम संबंध गांव की ही सजातीय 18 वर्षीय युवती प्रीति राठौर से हो गए थे।
परिजन कर रहे थे विरोध
इनके प्रेम संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच विरोध भी शुरू हो गया था। युवक की पत्नी भी इस संबंध का विरोध करती थी। इसको लेकर आए दिन पति-पत्नी के बीच टकराव भी होता था।
गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया गया। वहां प्रेमी युवक की मौत हो गई।
इधर, युवक द्वारा खुदकुशी करने की जानकारी होने पर युवती ने भी रात करीब दस बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में परिजन युवती को इलाज के लिए सैफई लेकर पहुंचे। वहां उसने भी दम तोड़ दिया।
इटावा में कराया गया पोस्टमार्टम
दोनों की मौत सैफई में होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम इटावा में कराया गया। पुलिस के अनुसार करीब दो वर्ष से दोनों के बीच प्रेमप्रसंग चल रहा था। घटना के बाद परिजन कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
थानाध्यक्ष कुर्रा राजेश पाल सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक और युवती ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है। इटावा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।