मेहताब बाग में बृहस्तिवार सुबह प्रेमी के साथ उसकी गर्ल फ्रेंड को देख युवती ने हाथ की नस काट ली। युवती अचानक यहां पहुंची थी। उसका प्रेमी पहले से गर्लफ्रेंड को साथ लेकर आया हुआ था। दोनों को साथ देखते ही वह गुस्से में आ गई। उसका पारा चढ़ता देख प्रेमी की गर्लफ्रेंड भाग निकली। इसके बाद प्रेमी युगल में आपस में झगड़ा हुआ। युवती ने सुसाइड की धमकी तो प्रेमी भी भाग निकला। इसके बाद युवती ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक एक लड़की के साथ वहां आया हुआ था। दोनों हाथों में हाथ डालकर घूम रहे थे। तभी तीन युवतियां वहां पहुंची। उन्हें देखकर युवक सकपका गया। उनमें से एक युवती उस पर बरस पड़ी । उसने कहा कि तुम लड़कियों के जज्बात से खेलते हो। जैसे उसके साथ प्यार का नाटक किया, वैसे ही अब इसके साथ कर रहे हो। युवक ने बताया कि वह उसकी सिर्फ अच्छी दोस्त है, इसके सिवाय कुछ नहीं है लेकिन युवती गुस्से में जोर से बोलती रही। वहां कई लोग आ चुके थे। इसके बाद प्रेमी युगल में झगड़ा हो गया। दोनों एक दूसरे के बारे में उल्टा सीधा बोलने लगे।
यह देख युवक की गर्लफ्रेंड वहां से चली गई। थोड़ी देर में युवक भी चला गया। उसकी प्रेमिका ने सहेलियों के सामने ही पर्स से ब्लेड निकाला और हाथ की नस काट ली। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। प्रेमी युगल में युवक एत्माद्दौला और युवती जीवनी मंडी क्षेत्र की बताई गई है। पुलिस ने बताया कि युवती की सहेलियों ने तुरंत ही उसके हाथ पर रुमाल बांध दिया था। उनकी सूचना पर उसके परिवारीजन भी पहुंच गए थे। वे लोग पुलिस को लिखित शिकायत दिए बगैर उसे अपने साथ ले गए।