आगरा के सैंया में दिनदहाड़े छह लाख की लूट हो गई। सोमवार को दोपहर में तीन बाइक पर आए पांच बदमाश बेखौफ होकर बैंक के सामने पेट्रोल पंप कर्मी हाथ से कैश से भरा थैला छीन कर ले गए। सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया गया है कि आगरा में सैंया के गांव बरई स्थित पेट्रोल पंप के मालिक किशोर कुमार गुप्ता अपने मुनीम के साथ कैश जमा करने के लिए निकले थे। वे कैश लेकर सैंया की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर पहुंचे। तभी वारदात हो गई।
किशोर कुमार ने बताया कि वे अपनी अर्टिगा कार से दो थैलों में साढ़े 12 लाख रुपये लेकर गए थे। बैंक के बाहर पहुंचते ही उनका मुनीम नूर मोहम्मद जैसे ही छह लाख रुपये से भरा एक बैग लेकर गाड़ी से उतरा, तभी तीन बाइक पर पांच बदमाश आ गए।
सभी ने नकाब और स्वाफी से अपने चेहरे ढंके हुए थे। इनमें से एक बदमाश ने नूर मोहम्मद के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार किया और कैश से भरा थैला छीनकर ले गए। दूसरा बैग गाड़ी में रखा था इसलिए वह बच गया।