आगरा के थाना जगदीशपुरा की बोदला पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर सिकंदरा रोड पर एमएस काम्प्लेक्स में बुधवार दोपहर 1.30 बजे बदमाशों ने टांसपोर्टर मदन गोपाल शर्मा के घर में डाका डाला। ट्रांसपोर्टर और उनकी वृद्ध मां को बंधक बनाने के बाद 1.5 लाख रुपये और सोने के जेवरात लूट लिए। तमंचा दिखाने के दौरान फायर होने से एक बदमाश को ही गोली लग गई। इसके बावजूद वह 30 मिनट तक लूटपाट करने के बाद भागे। घटना से बाजार में दहशत फैल गई।
सिकंदरा रोड पर चार मंजिला एमएस काम्प्लेक्स है। काम्प्लेक्स में 13 दुकान हैं। इनमें आठ दुकान किराये पर उठी हुई है। काम्प्लेक्स मालिक प्रेमचंद्र शर्मा का बेटा मदन गोपाल शर्मा ट्रांसपोर्टर है। मदन अपनी 70 वर्षीय मां फूलवती के साथ दूसरी मंजिल पर फ्लैट में रहते हैं। दोपहर तकरीबन 1.30 बजे चार बदमाश आए। दरवाजा खटखटाया। एक ने उनसे कहा कि शिव परिक्रमा पर काम्प्लेक्स के नीचे भंडारा लगाने की अनुमति चाहिए। गेट खोलने के लिए बोलने लगे।
मदन के गेट खोलते ही एक बदमाश ने उनके सीने पर तमंचा लगा दिया, जबकि दो ने मदन को पकड़कर पीछे खींच लिया। मदन की चीख सुनकर फूलवर्ती आईं तो एक बदमाश उनकी तरफ दौड़ा। उन्हें बेड पर गिराने के बाद उनके ऊपर बैठ गया। बदमाश ने तमंचा निकाला तो उससे फायर हो गया। उसके पैर में गोली लग गई। बदमाश घबरा गया।
हालांकि उन्होंने ट्रांसपोर्टर और उनकी मां के हाथ साड़ी से बांध दिए। इसके बाद अलमारी से 1.5 लाख रुपये और चार तोले सोने के जेवरात लूट लिए। उन्हें बाथरूम में बंद करने के बाद भाग निकले। मदन ने बताया कि वह आधा घंटे बाद बाथरूम का गेट तोड़ने के बाद बाहर आए। तब कहीं शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जुटने पर पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह, एसपी क्राइम मनोज सोनकर, नवागत सीओ उदयराज सिंह और जगदीशपुरा पुलिस पहुंच गई।
पुलिस चौकी के पास वारदात से लोगों में आक्रोश है। उनका कहना था कि चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर बदमाशों ने लूट करके पुलिस को चुनौती दी है। चार बदमाश घर में घुसे और दो बदमाश बाहर खड़े रहे होंगे। तीन बदमाश तीन दिन पहले भंडारे की अनुमति लेने मदन के पास आए थे। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीम को लगाया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।