दिन में 20 लाख की लूट, रात में सराफ को गोली मारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
न्यू आगरा में सोमवार दोपहर 12:50 बजे सफेद बाइक सवार दो बदमाशों ने ओमेक्स मॉल केपीछे बैंक कालोनी के गेट पर कंपनी द राइटर सेफ गार्ड के दो कर्मचारियों से 20 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद रात 11 बजे कमला नगर में काली बाइक सवार बदमाशों ने गंगा ज्वेलर्स के मालिक के बेटे दुमुल जिंदल (25) को दुकान के ठीक सामने सात गोलियां मारकर उनसे कैश से भरा बैग लूट लिया। उधर, बाइकर्स गैंग ने ताजगंज के फतेहाबाद रोड पर दोपहर तीन बजे जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों की आंखों में मिर्च झोंककर 2.75 लाख रूपये की लूट की।
राइटर सेफ गार्ड के कर्मचारी कल्याणपुर (धनौली) निवासी राममूर्ति और अभयपुरा (मलपुरा) का यतेंद्र सिंह अलग-अलग फर्म से 20 लाख रुपये लेकर बाइक से बैंक में जमा करने संजय प्लेस जा रहे थे। यतेंद्र बाइक चला रहा था। उसी की पीठ पर रुपयों से भरा पिट्ठू बैग था। उसने बताया कि पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने धक्का दिया और बैग छीनकर भाग गए।
उधर, कमला नगर में गंगा ज्वेलर्स फर्म के ठीक सामने दुुमुल जिंदल को उनकी मां अनीता और भाई प्रमुल के सामने सात गोलियां मारी गई। उन्हें जीजी नर्सिग में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने पहले अनिता के हाथ से बैग छीना था। लेकिन दुमुल ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों से इसे छीन लिया। इस पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और फिर हवाई फायर करते भाग निकले। बैग में लाखों रुपये थे।