मैनपुरी के जिला अस्पताल में पिछले आठ दिन से भर्ती अज्ञात घायल महिला को शनिवार को होश आ गया। उसने मेडिकल स्टॉफ को अपना नाम और पता बताया। महिला ने बताया कि उसके साथ लूट की वारदात हुई है। टेंपो चालक ने 70 हजार रुपये लूटने के बाद उसे चलते हुए टेंपो से धक्का दे दिया। उसकी आपबीती सुनकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही महिला को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया है।
28 अगस्त को 108 एंबुलेंस से एक घायल महिला को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला के पास एक काला बैग था। बेहोश होने की वजह से महिला के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी और अस्पताल के रिकॉर्ड में वह अज्ञात में भर्ती थी।
नौवें दिन महिला को होश में आया। उसने अपना नाम कमला देवी (55) निवासी गांव मधुपुरी, थाना बेवर बताया। महिला ने बताया कि उसने बेवर निवासी अपनी बहन से 70 हजार रुपये उधार लिए थे। जिसे देने के लिए वह 28 अगस्त को टेंपो से अपने गांव से बेवर जा रही थी। रास्ते में टेंपो चालक ने थैले में रखे रुपये छीन लिए और चलते हुए टेंपो से धक्का दे दिया।