मैनपुरी जिले के गांव किन्हावर में शर्मनाक घटना सामने आई है। एक बच्चे ने खेत में शौच कर दी तो गुस्साए खेत मालिक ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उससे हाथों से मल उठवाया।
घटना के बाद बच्चा सहमा हुआ है। जानकारी होने पर उसकी मां ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के कुछ देर बाद बगैर कार्रवाई छोड़ दिया। गुरुवार को पीड़ित की मां एसपी से मिली।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हावर निवासी नौ वर्षीय बालक जूनियर हाईस्कूल का छात्र है। सात जनवरी को वो भोजनावकाश में गांव के ही एक व्यक्ति के लहसुन के खेत में शौच के लिए चला गया।
मारपीट भी की
बालक को शौच करता देख खेत मालिक व सजैत (बटाईदार) गुस्से में आ गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार पहले तो बालक के साथ मारपीट की, इसके बाद बालक से जबरदस्ती हाथ से मल को उठवाया।
आरोपियों ने बच्चे को धमकाकर खेत से भगा दिया। बालक सहम गया और अगले दिन स्कूल नहीं गया। बच्चे को डरा सहमा देख जब मां ने परेशानी पूछी तो उसने घटना की जानकारी दी।
महिला पुत्र को साथ लेकर थाने में शिकायत करने गई। पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने भी ले गई, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे छोड़ दिया गया। पीड़िता की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। गुरुवार को पीड़िता ने एसपी अजय शंकर राय को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर मुकेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्ष के बीच रंजिश की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।