दिल्ली-कानपुर रूट पर चलने वाली ट्रेनों में बम विस्फोट की धमकी के बाद इस रूट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। आगरा, टूंडला, फीरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़ और मथुरा में ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई।
सूत्रों के मुताबिक, पठानकोट हमले के बाद मुंबई एटीएस को इनपुट मिला है कि दिल्ली से टूंडला होकर लखनऊ की ओर जाने वाली शताब्दी, राजधानी, दूरंतो, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की एसी बोगी को 72 घंटे के अंदर आतंकवादी बम से उड़ाने की साजिश कर रहे हैं। इसके बाद इस रूट पर हाई अलर्ट है। जीआरपी ने चेकिंग तो शनिवार से ही शुरू कर दी थी, लेकिन रविवार को जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टूंडला में मुरी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को चेक किया गया। आगरा कैंट, ईदगाह और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। एसपी जीआरपी गोपेशनाथ खन्ना ने बताया कि आतंकी धमकी के इनपुट मिलने के बाद ट्रेनों में खास सतर्कता बरती जा रही है। चेकिंग के दौरान 73 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें कई के पास से चाकू, छुरी आदि मिले हैं तो कई का आपराधिक रिकार्ड है।