बीते तीन सितंबर से लापता चल रहे आगरा में मलपुरा के गांव जारूआ कटरा निवासी ज्वैलर्स का नर कंकाल गांव बरारा और नगला भूरिया के निकट बाजरे के खेत में मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मामले में मृतक के पुत्र ने थाना मलपुरा पर हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
बताया गया है कि आगरा के थाना मलपुरा के गांव जारूआ कटरा निवासी नवलकिशोर वर्मा (53) पुत्र नत्थीलाल वर्मा की घर पर ही ज्वेलरी की दुकान है। मृतक के पुत्र का कहना है कि वह बीते तीन सितंबर को गांव बरारा के नगला भूरिया में पायल बेचने के लिए गए थे। तभी से घर नहीं लौटे। पुत्र गिरीश ने थाना मलपुरा में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई।
दूसरे दिन नवलकिशोर की बाइक आगरा-ग्वालियर रोड पर तेहरा गांव के पास पड़ी मिली। मोबाइल गांव बरारा के निकट पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल मिलने वाले स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे कुछ ग्रामीणों ने शिवसिंह के ट्यूबवेल के पीछे एक नर कंकाल देखा।