गोली लगने से घायल होटल मैनेजर की मौत
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आगरा-जयपुर हाईवे स्थित एक होटल के मैनेजर की गोली लगने से बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। उसने सोमवार रात कर्मचारी के साथ मामूली विवाद के बाद गार्ड की बंदूक से खुद को गोली मार ली थी। इस संबंध में परिवारीजनों ने होटल मालिक के रिश्तेदार और गार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।
उन्देरा निवासी सत्यपाल पुत्र श्यामलाल हाईवे तेरह मोरी बांध के समीप स्थित होटल लेक ब्यू में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके भाई धर्मेंद्र सिंह ने थाना सीकरी में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार रात सीकरी हिस्सा चार निवासी गार्ड उस्मान पुत्र मोहसिन से कहासुनी के बाद होटल मालिक के रिश्तेदार संजय पुत्र लक्ष्मण निवासी आरा बिहार ने गार्ड से बंदूक छीनकर सत्यपाल को गोली मार दी थी। बाद में कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में बुधवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने भाई धर्मेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर गार्ड उस्मान और होटल मालिक के रिश्तेदार संजय को हिरासत में ले लिया है। बता दें कि थानाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ने भी मैनेजर सत्यपाल सिंह के खुद ही गोली मारने का बयान क्षेत्राधिकारी अछनेरा के सामने देने की बात बताई थी।