पिनाहट के एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक (58) ने स्कूल परिसर में ही कक्षा चार की छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास किया। चीख पुकार पर आई दूसरी छात्राओं को देख शिक्षक भाग गया। जानकारी पर छात्रा के घरवालों ने स्कूल में हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी स्कूल हेडमास्टर 2017 में रिटायर्ड होने वाला है।
प्राथमिक विद्यालय में गांव के ही एक मोहल्ला निवासी 10 वर्षीय छात्रा कक्षा चार में पढ़ती है। छात्रा अपनी नानी के पास रहती है। आरोप है कि शिक्षक ने मंगलवार को छुट्टी होने के बाद छात्रा को रोक लिया। स्कूल परिसर में ही उससे दुराचार का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच अन्य छात्राएं भी वहां आ गईं। ये देख शिक्षक भाग गया। छात्रा ने घर पहुंचकर परिवारवालों को जानकारी दी। बुधवार सुबह उन्होंने स्कूल परिसर में हंगामा किया। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित छात्रा के परिवार व शिक्षक के परिवारवालों में देर रात तक समझौते के प्रयास चल रहे थे।
पहले भी लग चुके हैं छेड़छाड़ के आरोप
पिनाहट। आरोपी शिक्षक पहले भी कई विद्यालयों में तैनात रहा है। वहां भी उस पर छेड़छाड़ के आरोप लग चुके हैं। पुलिस पूछताछ में सह शिक्षकों ने बताया कि आरोपी शिक्षक पहले भी कई छात्राओं के साथ हरकतें कर चुका है।