सराफा कारोबारी लल्ले वर्मा की लूट के बाद हत्या की वारदात के विरोध में रविवार को जैतपुर, बाह, जरार, भदरौली के बाजारों में प्रभावी बंद रहा। दो दिन में वारदात का खुलासा न होने पर बाजार बंद कर थाने के घेराव का एलान किया गया। वहीं पुलिस लुटेरों के करीब पहुंचने का दावा कर रही है।
नगर के सराफ से लूट और हत्या की वारदात के खुलासे को लेकर कारोबारी समाज का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जैतपुर, जरार, बाह, भदरौली के सभी बाजार बंद रहे। कारोबारी समाज ने बाह के विहारी जी मंदिर में आपात बैठक की। इसमें सोमवार तक वारदात का खुलासा न होने पर अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर थाने का घेराव करने की बात कही। इस दौरान चेयरमैन दिवाकर सिंह गुर्जर, राजेश यादव, पूर्व चेयरमैन सुनील बाबू, रामशंकर गुप्ता, दयाशंकर बौहरे, महेन्द्र सिंह भदौरिया आदि मौजूद रहे। बैठक में पहुंचे इंसपेक्टर ब्रह्म सिंह ने बताया कि लुटेरों की पहचान कर ली गई है। उनकी धर पकड़ के लिए तीन टीमें लगी हैं। उन्होंने जल्द ही खुलासे का भरोसा दिलाया।
-----
हिंदू जागरण मंच ने की खुलासे की मांग
बाह। जैतपुर में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने बैठक कर हत्या के खुलासे की मांग की है। बैठक में जिला प्रभारी राघवेन्द्र सिंह राजावत, कल्लू यादव, अनूप मिश्रा, ऋषि भदौरिया, मोनू जैन, संजीव यादव आदि मौजूद रहे।
डीआईजी से मिलेंगेे बसपा विधायक
बाह। पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा रविवार को सराफा कारोबारी के घर पहुंचे और परिवारीजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सोमवार को जिले के सभी छह विधायक डीआईजी से मिलेेंगे और घटना के शीघ्र खुलासे की मांग करेंगे।