थाना क्षेत्र के गांव बैनई से गढ़ी हरजू जाने वाले मार्ग पर रास्ते से दो खेत हटकर एक किसान के खेत में पेड़ पर लटकी लाश को देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार लाश 15 दिन पुरानी है। सूचना पर एसपीआरए और पुलिस क्षेत्राधिकारी एत्मादपुर भी मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसका चेहरा तेजाब डालकर झुलसाया गया।
बैनई खुर्द निवासी नवनीत चौधरी का खेत गांव से गढ़ी हरजू को जाने वाले रास्ते से दो खेत हटके है। आंवलखेड़ा क्षेत्र का एक व्यक्ति खेतों में घास लेने गया तो खेत में खड़े पेड़ पर लाश लटकी दिखाई दी। उसने अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी। साथ ही 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या कर लाश को यहां लाकर लटकाया गया है। चेहरे पर तेजाब डालकर जलाया गया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। लाश काफी पुरानी होने से सड़-गल गई है। कीड़े पड़ गए हैं। शव साफी से पेड़ पर लटकाया गया है।