मथुरा पुलिस लाइन में गुरुवार की शाम एक युवती ने बंद कमरे में अपने दो वर्षीय मौसेरे भाई के हाथों की नसें काट दीं। इसके बाद अपने हाथों की नसें भी काट लीं। जिला अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। युवती की हालत गंभीर है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। युवती की मौसी महिला थाने में कांस्टेबल हैं।
पुलिस लाइन में रह रही महिला कांस्टेबल रेशमा पत्नी सूरज निवासी बुलंदशहर के घर पर उनकी बहन राजेश पत्नी संजय निवासी ढोलना (कासगंज ) की 18 वर्षीय बेटी पूजा एक साल से रह रही है। रेशमा महिला थाने में तैनात हैं और सूरज हाथरस के सहपऊ में पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि शाम करीब छह बजे पूजा ने ब्लेड या किसी धारदार वस्तु से रेशमा के दो वर्षीय बेटे लड्डू उर्फ दुष्यंत के दोनों हाथों की नसें काट दीं। बाद में अपने हाथों की नसें भी काट लीं। दूसरी मंजिल का कमरा बंद कर पूजा ने घटना को अंजाम दिया।