आगरा में होटल और ट्रेवल इंडस्ट्री में निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। मामले में सिकंदरा पुलिस को जांच के आदेश किए गए हैं।
सिकंदरा की राधाकिशन धाम कालोनी निवासी नेत्रपाल सिंह 31 जनवरी को सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। एसएसपी अमित पाठक को दिए शिकायती पत्र में नेत्रपाल सिंह ने कहा है कि अपने परिचित के यहां एक समारोह में उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई।
वो गौतमबुद्ध नगर का रहने वाला था। उसने खुद को एक तहसील में कार्यरत बताया। उसने होटल और ट्रेवल इंडस्ट्री के प्लान के बारे में बताया। दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर और नोएडा के पार्टनरों के नाम भी बताए। इस प्लान के माध्यम से निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने के बारे में कहा।
दो हिस्सों में दी रकम
अक्तूबर 2018 को एक होटल में मीटिंग की। नेत्रपाल, उनके दोस्त संजय निवासी विनायक नगर और जितेंद्र निवासी शास्त्रीपुरम होटल पहुंचे। यहां उक्त व्यक्ति और उसका एक साथी मिले। उन्होंने एक प्लान के बारे में बताया। कहा कि वह लोग होटल लीज पर लेते हैं।
निवेश के हिसाब से पैसा देते हैं। 31 जनवरी को फिर से मीटिंग की। होटल पर लीज पर लेने की बात कहते हुए निवेश करने को कहा। इस पर वह सभी जाल में फंस गए। उनके एक निजी बैंक के खाते में 52 लाख रुपये जमा कर दिए। 48 लाख रुपये नकद भी दे दिए।
उक्त लोगों ने कुछ दिन तो रकम दी। मगर, 16 मार्च के बाद से रकम देना बंद कर दिया। फोन उठाने भी बंद कर दिए। पांच दिन पहले होटल धमकी देकर भगा दिया। एसएसपी ने मामले में सिकंदरा पुलिस को जांच के आदेश किए हैं।