फिरोजाबाद में मुठभेड़ में पकड़े बदमाश से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जनपद में भूड़ा नहर के पास पुलिस की बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने नौ शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। काउंटर फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। दोनों घायल बदमाशों को मध्य रात्रि में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि बदमाश कस्बे में एक सुनार के यहां डकैती डालने आ रहे थे। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने जिला अस्पताल पहुचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।
थाना शिकोहाबाद और एसओजी पुलिस को रविवार रात बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में स्कार्पियो सवार बदमाशों से हुई एसओजी और थाना पुलिस की मुठभेड़ में नौ बदमाश गिरफ्तार किए गए। जिनमें मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि शिकोहाबाद में सराफ व्यापारी वर्मा ज्वैलर्स के यहां ये बदमाश लूट की योजना बना रहे थे।
भूड़ा नहर के पास मुठभेड़ के दौरान काउंटर फायरिंग हुई जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, दोनों घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। नहर पटरी पर स्कार्पियो सवार इनके अन्य साथियों की गाड़ी खराब हो गई तो खेतों की तरफ भागे, उन्हें भी एसओजी टीम व थाना पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों से भारी मात्रा में अवैध असलाह जिसमें आठ तमंचे एक रायफल बरामद किए गए हैं। भारी मात्रा में कारतूस, शराब की बोतलें, शटर तोड़ने के उपकरण आदि बरामद हुए हैं। बाकी इनसे पूछताछ की जा रही है इनके क्या नाम हैं और कहां से है। बाकी बहुत ही शातिर बदमाशों का ये गैंग है।
कोरोना: देहातों में फिर बढ़ा संक्रमण, आठ दिन में मिले 44 मरीज, पांच कॉलोनियों में हुआ कम
दो घायलों के नाम बलबीर और सतीश है। एक घायल बदमाश बलबीर ने जिला अस्पताल में बताया कि उन्हें जलेसर का सतीश नाम का व्यक्ति यहां शिकोहाबाद में सुनार की दुकान काटने लाया था, अन्य साथियों के नाम अनिल, गौरी, कृपाल, प्रवीन आदि नाम बताए हैं, फिलहाल पुलिस इनसे विस्तृत जानकारी हासिल कर रही है।