बेखौफ बदमाशों ने बुधवार शाम को फिल्मी स्टाइल में चलती ट्रेन के पार्सल यान में सेंध लगा दी। बदमाशों ने टूंडला रेलवे स्टेशन के करीब पार्सल यान की सील तोड़कर चलती ट्रेन से कुछ पार्सल गिरा दिए। पार्सल गिरता देख रेलगार्ड ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को बैकुम लगाकर रोक दिया। इस दौरान चोर भाग जाने में सफल हो गए। आरपीएफ बदमाशों की तलाश में जुटी है।
नई दिल्ली से चलकर भुवनेश्वर जाने वाली 22824 भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस बुधवार की शाम आठ बजे करीब टूंडला के पश्चिमी आउटर पर पहुंची तभी पहले से ही ट्रेन में सवार चोर पार्सल यान में पहुंच गए। चोरों ने पार्सल यान की सील तोड़ते हुए टूंडला की पश्चिमी केबिन के निकट कुछ कार्टून ट्रेन से नीचे गिरा दिए।
ट्रेन से सामान गिरता देख रेलगार्ड ने तत्काल बैकुम लगाते हुए ट्रेन को रोक दिया और टूंडला नियंत्रण कक्ष को घटना की जानकारी दी। राजधानी एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में चोरी की जानकारी मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।