आगरा जिले के लखनपुरा गांव निवासी किसान की हत्या कर शव गांव के बाहर बाड़ के कटीले तारों पर फेंक दिया गया। गले और सीने पर चोट के निशान मिले। परिजनों ने गांव की ही निवासी उसकी प्रेमिका पर भाई और देवर के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि महिला के परिजनों को उसके प्रेम प्रसंग का पता चल गया था। इस पर हत्या की गई है।
थाना बासौनी क्षेत्र के गांव लखनपुरा निवासी किसान अतिराज बघेल रविवार की शाम खेत की रखवाली के लिए घर से गया था। सोमवार की सुबह घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की तो गांव के बाहर तारों की बाड़ में उसका शव पड़ा मिला।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव की ही राधा ने अपने देवर फौरन सिंह और मुरैना क्षेत्र के रहने वाले भाई के साथ मिलकर अतिराज बघेल को मौत के घाट उतारा है। एक साल पहले भी राधा के परिजनों ने अतिराज को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार की सुबह राधा का परिवार घर पर न मिलने से उनका शक गहरा गया।
गली तक जाकर रुक गया खोजी कुत्ता
पुलिस का खोजी कुत्ता भी राधा के घर वाली गली तक जाकर रुक गया। एसओ बासौनी ने बताया कि अतिराज के राधा के साथ प्रेम संबंध थे। राधा ने अपने भाई और देवर के साथ मिलकर अतिराज की हत्या कर दी। तीनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पत्नी का रो रोकर बुरा हाल
करीब 12 साल पहले पत्नी की मौत होने पर अतिराज बघेल ने शिखा के साथ दूसरी शादी की थी। शिखा ने 9 साल की बेटी अंशिका को जन्म दिया। जबकि पहली पत्नी के पांच बच्चे देवता प्रसाद, विवेक, आशू तथा बेटियां स्वार्ती, करिश्मा है। जिनमें से करिश्मा, स्वार्ती और देवता प्रसाद की शादी हो चुकी है। पति का शव देखकर बेसुध हुई शिखा को बेटियां करिश्मा, स्वार्ती और अंशिका संभाल रही थी।
ध्यान भटकाने को शव के पास फेंक दिया था शराब का पौव्वा
शव के पास शराब का पौव्वा भी फेंका गया था। परिजनों के मुताबिक अतिराज बघेल शराब पीने के आदी थे। इसी आदत को लेकर हत्या से ध्यान हटाने के लिए आरोपियों ने शव के पास शराब का पौव्वा फेंक दिया था।