साइबर अपराधियों ने पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली। इस पर पूर्व विधायक का फोटो भी लगा दिया। इसके बाद उनके परिचितों को मैसेंजर पर संदेश भेजकर रुपयों की मांग की गई। मगर, परिचितों को समझते देर नहीं लगी, उन्होंने रकम नहीं डाली। पूर्व विधायक से फोन करके पता कर लिया। मामले में थाना हरीपर्वत में तहरीर दी गई है।
कासगंज: गंगानदी में होगा डॉल्फिन और कछुओं का संरक्षण, ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक
डॉ. धर्मपाल सिंह आगरा में दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को परिचित से पता चला कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। इस पर उनका फोटो भी लगा है। इसके बाद उनके परिचितों को मैसेंजर पर मैसेज किया गए है। इसमें रुपयों की मांग की जा रही है। एक परिचित से मदद के रूप में दस हजार रुपये मांगे गए हैं।
परिचित के पूछने पर पेटीएम नंबर भी दे दिया। कुछ देर बाद रकम लौटाने की बात कही। मगर, परिचितों ने ठगी की आशंका जाहिर की। इस पर पूर्व विधायक को फोन करके पता किया। उन्होंने साइबर अपराध की आशंका जाहिर की। रुपये जमा करने के लिए मना कर दिया। डा. धर्मपाल सिंह ने पुलिस से शिकायत की है। थाना हरीर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि मामले में साइबर सेल को जांच सौंपी गई है।
सांसद और एसएसपी की भी बन चुकी है फर्जी आईडी
साइबर अपराधी विधायक, सांसद ही नहीं, पुलिस अधिकारियों तक के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। एसएसपी बबलू कुमार के नाम और फोटो लगाकर फर्जी आईडी बनाई गई थी। इसके बाद रुपयों की मांग की थी। इसी तरह सांसद राजकुमार चाहर के नाम से भी दो बार फर्जी आईडी बनाकर रुपयों की मांग की जा चुकी है। तत्कालीन सीओ मोहसिन खान की भी फर्जी आईडी बनाई गई थी। पुलिस ने जांच के बाद आईडी तो बंद करा दीं। मगर, आरोपी अब तक नहीं पकड़े जा सके हैं। यही वजह है कि आए दिन मामले सामने आ रहे हैं।