आगरा में सिकंदरा के केके नगर में कासगंज निवासी इंजीनियर संदीप कुमार (27) की सिर में ईंट मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके भांजे ने शव के सात टुकड़े कर उन्हें दो बैग में पैक किया। इसके बाद उसने दोनों बैग सिकंदरा ओवरब्रिज के पास रेल लाइन पर फेंक दिए।
दिल दहला देने वाली इस वारदात शामिल भांजे शिवम उर्फ रजत ( 20) को पुलिस ने गुरुवार को कोसीकलां में गिरफ्तार कर लिया। वह आगरा के केके नगर में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। इंजीनियर के आठ मई को लापता होने पर उनके भाई देवेंद्र ने कोसीकलां थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस को पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसने अपने मामा संदीप से बिजनेस के लिए लाखों रुपये लिए थे। इनको वह आईपीएल में सट्टा लगाकर हार गया। संदीप ने उस पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया। शिवम ने रुपये नहीं दिए तो संदीप ने उसकी पिटाई कर दी। इसी खुन्नस में उसने अपने मामा को मौत के घाट उतार दिया।
बता दें कि संदीप कासगंज के सहावर के मायांसुर गांव के रहने वाले थे। वह गुड़गांव में प्राइवेट कंपनी वीएनएल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। सात मई को आगरा में शिवम से मिलने आए थे। इसके बाद लापता हो गए। संदीप के मोबाइल की आखिरी लोकेशन कोसीकलां की थी। इसके चलते गुमशुदगी कोसीकलां में दर्ज कराई गई।
आठ मई को संदीप का क्षतविक्षत शव आगरा के सिकंदरा में मिला था। तब शनाख्त नहीं हो पाई थी। शक के आधार पर 10 मई को शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हो गया। उसने ही बताया कि रेल लाइन पर मिला शव संदीप का था। शिवम मूलरूप से फिरोजाबाद के आर्यनगर का निवासी है।
मोबाइल के मेमोरी कार्ड से हुआ खुलासा
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
संदीप की हत्या करने के बाद शिवम उनकी तलाश का ड्रामा कर रहा था। इसी बीच उसने एक रिश्तेदार का मोबाइल धोखे से लेकर अपने दोस्त को फोन किया। उससे कहा कि वह संदीप की रिश्तेदारी में मैसेज कर दे कि उसकी हत्या हो गई है। इसके बाद सिम तोड़कर फेंक दे।
उसका प्लान था कि पुलिस का शक युवती पर चला जाए। लेकिन जिस मोबाइल से उसने कॉल की, उसमें ऑटो कॉल रिकार्डर लगा था। रजत को इसका पता चला तो उसने डर के मारे मोबाइल का सारा डाटा डिलीट कर दिया। रिश्तेदार ने अपने इंजीनियर दोस्त से डाटा रिकवर करा लिया। लास्ट कॉल सुनने पर पता चल गया कि वारदात रजत ने की है।