आगरा के चर्चित संजलि हत्याकांड में मंगलवार को जिला जज की कोर्ट में दोनों आरोपियों पर आरोप तय किए जाएंगे। पुलिस की ओर से पेश चार्जशीट में 108 गवाह बनाए गए हैं। मामले का मुख्य आरोपी आत्महत्या कर चुका है।
मलपुरा के लालऊ गांव निवासी संजलि दसवीं की छात्रा थी। उसको 18 दिसंबर, 2018 को स्कूल से घर आते समय जिंदा जला दिया गया था। मामले में सौदान सिंह ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
हत्याकांड के बाद आंदोलन हुआ था। लोग सड़क पर उतर आए थे। पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था। संजलि की मौत के दिन ही उसके चचेरे भाई की भी मौत हो गई थी। पुलिस ने कुछ दिन बाद हत्याकांड का खुलासा किया था।
संजलि के रिश्तेदार युवक विजय और आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी थी। कोर्ट ने आरोप तय करने के लिए 16 अप्रैल की तारीख नियत की है। आरोपियों को भी जेल से तलब किया है।