पंचायत चुनाव का तीसरा चरण भी हिंसा से भरा रहा। फतेहपुर सीकरी के गांव मंडीगुड़ में फर्जी मतदान का आरोप लगाने हुए एक प्रधान प्रत्याशी के पति ने जमकर बवाल किया। समर्थकों संग पथराव करते हुए पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। इस दौरान दो सिपाहियों का सिर फूट गया। एसडीएम और सीओ अछनेरा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे मतदान बाधित रहा।
सीकरी के ग्राम मंडीगुड़ में शनिवार दोपहर लगभग एक बजे प्रधान प्रत्याशी शांति देवी के पति गुड्डू कुशवाह ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर समर्थकों संग मतदान केन्द्र पर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रत्याशी पति को हिरासत में ले लिया और कुछ देर बाद छोड़ दिया। इसके बाद गुड्डू कुशवाह और उनके समर्थकों ने लगभग दो बजे रेल लाइन, नहर पटरी और व्यायामशाला के पास पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने पोलिंग बूथ को कब्जाने की कोशिश की। इससे पोलिंग बूथ पर भगदड़ मच गई। बवालियों को काबू करने के दौरान पत्थर लगने से सिपाही अवधेश कुमार और राधेश सिंह का सिर फट गया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम अजीत कुमार सिंह और सीओ अछनेरा विजय कुमार सिंह ने बवालियों को खदेड़ा तो उन पर भी पथराव कर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। सूचना पर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, डीएम पंकज कुमार और एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने स्वॉट टीम, क्यूआरटी, पैरा मिलिट्री फोर्स, पीएसी और पुलिस बल के साथ बवालियों को खदेड़ा। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे मतदान बाधित रहा। पुलिस ने दो महिलाओं समेत 24 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
--------
टीटीएसपी टंकी में छिपकर बचाई जान
फतेहपुर सीकरी। बवाल के दौरान उपद्रवियों को काबू करने पुलिस बल के साथ जा रहे एसडीएम अजीत कुमार सिंह और सीओ विजय कुमार को ग्रामीणों ने घेर पथराव कर दिया। इस पर उन्होंने टीटीएसपी की टंकी में छिपकर जान बचाई। एसडीएम पथराव के दौरान बाल-बाल बचे।
-------
उपद्रवियों को चिह्नित कर भेजेंगे जेल: डीएम
फतेहपुर सीकरी। डीएम पंकज कुमार और एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि मंडीगुड़ मतदान केन्द्र पर पथराव और फायरिंग कर मतदान को बाधित करने वाले और व्यवस्था को भंग करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर जेल भेजा जायेगा। किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
----
इन केंद्रों पर भी हुआ पथराव
फतेहपुर सीकरी। अधिकांश मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान हुआ। वहीं, मंडीगुड़ के अलावा अरहेरा में पथराव और लाठी-डंडे चलने, ग्राम औलेण्डा, डाबर, भड़कौल, सामरा, गूजरपुरा में फर्जी मतदान के विवाद में पथराव की सूचना मिली है। यहां दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया।