रुनकता स्थित मोबाइल की दुकान में रविवार रात को सेंध लगाते चोरों को छात्रों ने दबोच लिया। चोरों ने एक छात्र को सरिया मारकर लहूलुहान कर दिया। छात्रों और लोगों ने दो चोरों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने उन्हें बचाया। छात्र और चोरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अकबरा निवासी राजकुमार की अरतौनी स्थित हीरालाल की प्याऊ के पास मोबाइल की दुकान है। रविवार रात लगभग एक बजे पांच चोर दुकान के पीछे से दीवार तोड़ने लगे। दुकान के बगल से ही छात्रों का हॉस्टल है। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर बल्देव मथुरा निवासी बी फार्मा का छात्र नरेंद्र कुमार बाहर निकल आया। उसने चोरों को देखकर शोर मचाया। इस पर एक चोर ने उसके सिर में सरिया से वार कर दिया। वह लहूलुहान हो गया। उसकी चीखपुकार सुनकर साथी छात्र दिनेश, मुनेंद्र, मनोज आदि पहुंच गए। उन्होंने शोरशराबा किया तो ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। चोर भागने लगे। छात्रों ने घेराबंदी करके दों चोरों को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उनकी जमकर पिटाई लगाई। पुलिस ने किसी तरह बचाया। वहीं गंभीर हालत में नरेंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए चोर बंटी और अनिल निवासी पलवल हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की गई है।