ओएलएक्स पर देखा था विज्ञापन, फैक्ट्री एरिया के पास की घटना
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ओएलएक्स पर कार बेचने का विज्ञापन देकर रिटायर्ड बैंक कर्मी का बेटा फंस गया। थाना जगदीशपुरा की महिला सिपाही का बेटा बनकर आया युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने कार ले उड़ा। सूचना पर एएसपी हरीपर्वत अनुराग वत्स फोर्स के साथ पहुंचे। पीड़ित ने थाना सिकंदरा में तहरीर दी है।
बोदला के केन भवन निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी विजेंद्र सिंह ने दो महीने पहले स्विफ्ट कार तकरीबन सवा सात लाख रुपये में खरीदी थी। कार पर नंबर नहीं डलवाया था। उनका बेटा पंकज सिंह कार चलाता था। वह एमबीए पास है। एक सप्ताह उसने ओएलएक्स की वेबसाइट पर कार बेचने का विज्ञापन दिया। बुधवार सुबह आठ बजे एक युवक ने फोन कर सात लाख रुपये में बोली लगाई और दस बजे उसके घर कार देखने पहुंचा। बताया कि उसके पिता सिपाही थे, उनकी मौत हो चुकी है।
मां थाना जगदीशपुरा में सिपाही हैं और शास्त्रीपुरम में रहता है। कार को मां के पास दिखाने ले जाना चाहता है। पंकज उसे कार में बैठाकर साथ ले जाने लगा। फैक्ट्री एरिया में जपनाम हास्पिटल के पास युवक ने कहा कि मैं कार का टेस्ट ड्राइव लूंगा। तुम बराबर में बैठ जाना। तब पंकज कार से उतरकर दूसरी तरफ सीट पर बैठने जाने लगा। तभी युवक ने गेट लॉक कर कार को भगा ले गया। पंकज ने राहगीर के साथ उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।